
लखनऊ की गरिमा जग्गी ने कान्स में बिखेरा नवाबी हुनर, उर्वशी रौतेला के ग्लोबल लुक्स से रचा इतिहास
लखनऊ की प्रतिभाशाली बोर्ड सर्टिफाइड स्किन एस्थेटिशियन और लग्जरी सेलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट गरिमा जग्गी ने दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में से एक कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपनी कला का लोहा मनवाया है। गरिमा ने ग्लोबल स्टार उर्वशी रौतेला के सभी प्रमुख रेड कार्पेट और गाला लुक्स को डिजाइन कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर लखनऊ का नाम रोशन किया। खास बात यह रही कि कान्स के सबसे प्रतिष्ठित और एक्सक्लूसिव इवेंट amFAR गाला में भी उर्वशी का आकर्षक और एलिगेंट लुक गरिमा के हुनर का नतीजा था, जिसने दुनियाभर के फैशन और फिल्म जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा।
कान्स के दौरान उर्वशी रौतेला को ‘वुमन अचीवर’ के रूप में UNESCO सम्मान मिला और इस ऐतिहासिक अवसर पर भी उनका ग्लैमरस, कैमरा-रेडी और परफेक्ट लुक गरिमा जग्गी ने तैयार किया। गरिमा ने बताया कि इस उपलब्धि तक पहुंचने का सफर आसान नहीं था। कान्स रवाना होने से पहले वह गंभीर फूड पॉइजनिंग के कारण अस्पताल में भर्ती थीं, लेकिन अपनी मां डॉ. साधना जग्गी के हौसले और प्रेरणा ने उन्हें मुश्किल हालात से बाहर निकलकर इस बड़े मंच तक पहुंचाया। विदेश में बिना अपनी पूरी टीम के अकेले काम करना चुनौतीपूर्ण था, फिर भी उन्होंने हर जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक निभाया।
गरिमा ने उर्वशी रौतेला को अपनी बड़ी बहन जैसा बताते हुए कहा कि सेलिब्रिटी स्टाइलिंग सिर्फ मेकअप तक सीमित नहीं होती, बल्कि आउटफिट, ज्वेलरी और पूरे लुक की रणनीति मिलकर तैयार की जाती है। उन्होंने भविष्य में ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ काम करने की इच्छा भी जताई। भारतीय सौंदर्य और मेकअप ट्रेंड्स पर बात करते हुए गरिमा ने कहा कि भारतीय महिलाओं की आंखें उनकी सबसे बड़ी खूबसूरती हैं, इसलिए वह हमेशा नेचुरल ग्लो और आंखों की खूबसूरती को उभारने पर जोर देती हैं। लखनऊ और मुंबई में अपनी मेकअप अकादमी संचालित करने वाली गरिमा का मानना है कि कान्स में मिली यह सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि देशभर के उभरते मेकअप आर्टिस्ट्स और उनके छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।

