
CWG 2026: संघर्ष से शिखर तक पहुँचे झंडू कुमार, ब्रॉन्ज जीतकर भारत का खाता खोला, पोलियो और गरीबी पर लिखी जीत की नई कहानी
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने अपना पहला पदक जीत लिया है। पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया और भारत का पदकों का खाता खोल दिया। उनकी इस उपलब्धि ने पूरे देश को गर्व का एहसास कराया है।
झंडू कुमार का सफर किसी प्रेरणादायक कहानी से कम नहीं है। बचपन में पोलियो की वजह से शारीरिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा, वहीं आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने कभी सब्जियां बेचीं तो कभी ई-रिक्शा चलाकर परिवार का सहारा बने। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने खेल का सपना नहीं छोड़ा और लगातार मेहनत करते रहे।
आज उसी संघर्ष का परिणाम पूरी दुनिया ने देखा। कॉमनवेल्थ गेम्स के मंच पर ब्रॉन्ज मेडल जीतकर झंडू कुमार ने साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के आगे गरीबी और शारीरिक चुनौतियां भी हार मान लेती हैं। उनकी यह जीत लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है और भारत के लिए गर्व का नया अध्याय लिख गई है।

