
कीचड़ भरे रास्ते से जान जोखिम में डालकर गुजरने को मजबूर ग्रामीण, स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी
*जगतपाल सिंह शाहबाद जिला हरदोई शाहाबाद
*कीचड़ भरे रास्ते से जान जोखिम में डालकर गुजरने को मजबूर ग्रामीण*,
*स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी*
*वाहनों का निकलना ठप, गहरे दल- दल से निकल रहे नन्हें- मुन्हें स्कूली बच्चों पर मर्डरा रहा खतरा* *
हरदोई। विकासखंड पिहानी की ग्राम सभा सिमौर के मजरा डम्मरपुरवा में शाहाबाद- पिहानी हाईवे मार्ग के गदनापुर से डम्मरपुरवा गांव तक जाने वाला मुख्य संपर्क मार्ग बदहाल स्थिति में है। हल्की बारिश के बाद ही सड़क पूरी तरह कीचड़ और दलदल में तब्दील हो जाती है, जिससे ग्रामीणों और स्कूली बच्चों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग गांव का प्रमुख रास्ता है, जिससे प्रतिदिन छात्र-छात्राएं, किसान और अन्य ग्रामीण आवागमन करते हैं। सड़क पर जगह-जगह जलभराव और गहरे कीचड़ के कारण बाइक और साइकिल फिसलने का खतरा बना रहता है। कई बार लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। स्कूली बच्चों को भी रोजाना इसी रास्ते से होकर स्कूल जाना पड़ता है, जिससे अभिभावकों में चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क का निर्माण कराकर जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि गदनापुर से डम्मरपुरवा गांव तक सड़क का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, जिससे बरसात के मौसम में आवागमन सुगम हो सके और स्कूली बच्चों सहित सभी ग्रामीणों को परेशानी से निजात मिल सके।

