जनगणना-2027 की तैयारियों का जायजा: लखनऊ DM का प्रशिक्षण केंद्रों पर निरीक्षण, 100% उपस्थिति के निर्देश

जनगणना-2027 की तैयारियों का जायजा: लखनऊ DM का प्रशिक्षण केंद्रों पर निरीक्षण, 100% उपस्थिति के निर्देश

जनगणना-2027 के सफल, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित क्रियान्वयन के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी लखनऊ श्री विशाख जी0 द्वारा विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपस्थिति, व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध संसाधनों का विस्तार से जायजा लिया।

सबसे पहले जी.डी. गोयनका स्कूल स्थित प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया गया जहां नगर निगम जोन 8 के प्रगणक/सुपरवाइजर का प्रशिक्षण संपन्न हो रहा है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री राकेश सिंह द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त केंद्र पर कुल 6 बैचों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है तथा सभी बैचों में 90 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति दर्ज की गई है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जो प्रगणक प्रशिक्षण में अनुपस्थित हैं, उनकी उपस्थिति एवं 3 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागिता सुनिश्चित की जाए।

उक्त के पश्चात जिलाधिकारी द्वारा शहीद पथ स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया गया, जहां तहसील सरोजनीनगर के प्रगणक/सुपरवाइजर का प्रशिक्षण संपन्न हो रहा है। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि इस केंद्र पर कुल 3 बैचों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान केवल 9 प्रगणक अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अनुपस्थित कार्मिकों को शीघ्र प्रशिक्षण में सम्मिलित कराया जाए, ताकि किसी भी स्तर पर कार्य प्रभावित न हो।

जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण केंद्रों पर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं—जैसे बैठने की व्यवस्था, पेयजल, जलपान, विद्युत आपूर्ति एवं ऑडियो-वीडियो उपकरण—का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षणार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा सभी नामित कार्मिकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

उक्त निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्री राकेश सिंह, तहसीलदार सरोजनीनगर श्री सुखवीर सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)