गाजियाबाद: 2.8 करोड़ रुपये बैंक घोटाले का मास्टरमाइंड पैनल एडवोकेट गिरफ्तार, EOW की बड़ी कार्रवाई

गाजियाबाद: 2.8 करोड़ रुपये बैंक घोटाले का मास्टरमाइंड पैनल एडवोकेट गिरफ्तार, EOW की बड़ी कार्रवाई

गाजियाबाद। आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW) उत्तर प्रदेश की मेरठ सेक्टर टीम ने 2 करोड़ 80 लाख रुपये के बैंक ऋण घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के पैनल एडवोकेट अवधेश कुमार त्यागी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी 16 जून 2026 को गाजियाबाद से की गई।

ईओडब्ल्यू द्वारा की जा रही विवेचना के अनुसार, यशदेव जैन ने अपनी फर्म पीडी ट्रेडर्स के नाम पर रामकिशोर वर्मा की संपत्ति को गारंटी के रूप में दिखाकर सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया, राइटगंज शाखा से 2.80 करोड़ रुपये का ऋण प्राप्त किया था। जांच में सामने आया कि उक्त संपत्ति पहले से ही यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया, विकासपुरी शाहदरा शाखा में बंधक रखी जा चुकी थी, जिसके आधार पर 4 करोड़ रुपये का ऋण लिया गया था।

आरोप है कि सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के पैनल एडवोकेट अवधेश कुमार त्यागी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर संपत्ति के मूल दस्तावेजों की विधिवत जांच किए बिना केवल द्वितीय प्रति (मुसन्ना) के आधार पर सर्च लीगल रिपोर्ट तैयार कर बैंक को भेज दी। इसी रिपोर्ट के आधार पर बैंक ने ऋण स्वीकृत कर दिया, जिससे बैंक को 2 करोड़ 80 लाख रुपये के राजकीय धन की क्षति हुई।

ईओडब्ल्यू लखनऊ द्वारा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक, ईओडब्ल्यू मेरठ सेक्टर के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए आरोपी पैनल एडवोकेट को गिरफ्तार किया गया। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है और ईओडब्ल्यू आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)