एसएमएस अस्पताल पहुंचे सीएम भजनलाल, ओपीडी का किया औचक निरीक्षण

एसएमएस अस्पताल पहुंचे सीएम भजनलाल, ओपीडी का किया औचक निरीक्षण

जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को ओपीडी सेवाओं का औचक निरीक्षण किया। भीलवाड़ा दौरे से जयपुर लौटते समय मुख्यमंत्री अचानक अस्पताल पहुंचे और धन्वंतरी भवन में विभिन्न विभागों की ओपीडी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सा सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लोगों से फीडबैक लिया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। मरीजों द्वारा दिए गए सुझावों और शिकायतों के आधार पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आमजन को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी सेवाएं समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जाएं। मुख्यमंत्री के इस औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में भी सक्रियता देखने को मिली और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)