हरियालो राजस्थान मिशन में जयपुर को 66.82 लाख पौधारोपण का लक्ष्य

हरियालो राजस्थान मिशन में जयपुर को 66.82 लाख पौधारोपण का लक्ष्य

*जयपुर, 6 जून।* मिशन हरियालो राजस्थान की जिला स्तरीय टास्क फोर्स एवं राज-उन्नति की 6वीं बैठक में कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान की समीक्षा जिला कलक्टर संदेश नायक ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में की।
जिला कलक्टर ने बताया कि प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान को हरित प्रदेश के रूप में विकसित करने , राजस्थान में कृषि वानिकी को विकसित करने ,ग्लोबल वार्मिंग को कम करने तथा भारतवर्ष में 2070 तक कार्बन तटस्थता तक पहुंचाने में राजस्थान प्रदेश की अग्रिम भमिका को देखते हुए राजस्थान को अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करने में मिशन ’हरियालो राजस्थान‘ की महता को देखते हुए इसके व्यापक क्रियान्वयन हेतु व्यापक दिशा निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जयपुर जिले को 66 लाख 82 हजार 538 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है जिसमें से 45.64 लाख पौध जिले की विभिन्न नर्सरियों में तैयार की गई हैं। शेष पौधों की व्यवस्था निजी स्तर पर की जाएगी।
जिला कलक्टर ने बताया कि पौधारोपण कार्य हेतु संबंधित विभागों द्वारा लक्ष्यानुसार गड्ढे खोदने के कार्य किया जा चुका है।उन्होंने बताया कि पौधारोपण कार्य में पूर्ण पारदर्शिता के लिए हरियालो राजस्थान मोबाइल एप के माध्यम से जियोटैगिंग की जायेगी। उन्होंने बताया कि साथ ही गत वर्ष में किए गए पौधारोपण की रि-जियो टैगिंग कर जीवितता भी अपडेट की जाएगी।
कर्मभूमि से मातृभूमि
जिला कलक्टर ने कहा कि राजस्थान जैसे मरूप्रदेश जहाँ आदिकाल से पानी की कमी रही है वहाँ जल संरक्षण का कार्य अत्यंत महत्त्वपूर्ण हो जाता है। राजस्थान भूजल विभाग द्वारा ’कर्मभूमि से मातृभूमि‘ अभियान का संचालन वर्षाजल की एक-एक बूँद का संरक्षण, संवर्धन व जल पुनर्भरण संरचनाओं का जनसहभागिता से निर्माण कर राज्य में गिरते भूजल स्तर को रोकने के साथ -साथ आमजन को जागरूक कर व्यवहार परिवर्तन करने के लिए किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में 125 संरचनाओं के लक्ष्य के विरूद्ध 254 रिचार्ज स्ट्रक्चरों का निर्माण किया जा चुका है। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में 125 संरचनाओं के विरूद्ध 741 रिचार्ज स्ट्रक्चरों का निर्माण आज दिनांक तक किया जा चुका है। जिला कलक्टर ने रीको सहित सभी विभागोें को अधिक से अधिक वर्षा जल संचयन हेतु संरचनाओं का निर्माण करने हेतु निर्देशित किया है।
इस दौरान जिला कलक्टर ने सीएमओ, जनसुनवाई व संपर्क पोर्टल पर दर्ज जिले से संबंधित सभी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्रता से पूर्ण संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करने के निर्देश सभी उपखण्ड अधिकारियों, जिला स्तरीय अधिकारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को दिए है।
इस दौरान सीईओ जिला परिषद् प्रतिभा वर्मा, उपवन संरक्षक वी केतन कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम राजीव द्विवेदी, अतिरिक्त जिला कलक्टर तृतीय व जिला जनगणना अधिकारी देवयानी, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय मेघराज मीणा, नॉडल अधिकारी कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान भूजल विभाग डॉ. मलेन्द्र चौहान सहित संबंधित विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से बैठक से जुड़े थे।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)