कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जनपद लखनऊ

कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जनपद लखनऊ

जन सामान्य को त्वरित, सस्ता एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिनांक 09 मई 2026 (शनिवार) को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ श्री मलखान सिंह के कुशल मार्गदर्शन में यह बैठक सम्पन्न हुई।

आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा हेतु 27 अप्रैल 2026 को नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत श्री प्रकाश तिवारी, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, कोर्ट संख्या-7, लखनऊ के विश्राम कक्ष में बैठक आहूत की गई। बैठक में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री राज बहादुर, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.के. श्रीवास्तव, लीड बैंक मैनेजर, बैंक ऑफ इंडिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सायंकाल 4:30 बजे पुराना उच्च न्यायालय परिसर स्थित मीडिएशन सेंटर, लखनऊ में समस्त मजिस्ट्रेटगण के साथ दूसरी बैठक भी आयोजित की गई।

बैठक के दौरान नोडल अधिकारी श्री प्रकाश तिवारी ने निर्देश दिए कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों को चिन्हित कर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पक्षकारों पर अधिकतम तामीला सुनिश्चित कराने और चिन्हित वादों को एनजेडीजी पोर्टल पर दर्ज कराने पर भी जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शत-प्रतिशत तामीला सुनिश्चित कर लोक अदालत को सफल बनाया जाए।

सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ ने आमजन से अपील की कि वे अपने न्यायालयों में लंबित मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में नियत कराकर आपसी सहमति से निस्तारित कर इस अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि लोक अदालत विवादों के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच है, जहां कम समय और कम खर्च में न्याय संभव है।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)