
रात भर होती रहती रोस्टिंग, भीषण गर्मी में बिजली संकट गहराया, उपभोक्ता परेशान
शाहाबाद । आलमनगर विधुत उपकेंद्र क्षेत्र में जहां एक तरफ घरेलू गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की किल्लत के बीच अब बिजली की आंख मिचौली ने ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ा दी है। बिजली विभाग की मनमानी रोस्टिंग से क्षेत्र के लोग त्रस्त हैं। हालात यह हैं कि हर घंटे कटौती का फरमान जारी कर आपूर्ति बाधित की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं में आक्रोश पनप रहा है।
शाहाबाद डिवीजन के आलमनगर उपकेंद्र के जमुरा फीडर क्षेत्र रैगवा में पिछले एक सप्ताह से अनियमित बिजली आपूर्ति ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। विभागीय कर्मचारियों की ओर से हर घंटे रोस्टिंग का संदेश भेजकर बिजली काटी जा रही है। जिसके चलते क्षेत्र के करीब कई दर्जन गांवों के ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी में लगातार बिजली कटौती से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की ओर से 18 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा किया जाता है, लेकिन हकीकत इससे कोसों दूर है। क्षेत्र में मुश्किल से छह घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। इससे पेयजल संकट के साथ- साथ खेती-किसानी और घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं। सोशल मीडिया ग्रुपों पर भी ग्रामीणों का गुस्सा फूट रहा है। लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। इस बाबत बिजली विभाग के शाहाबाद एसडीओ ने बताया कि अभी एकाध दिन रोस्टिंग और की जाएगी। यह हम सबके कंट्रोल में नहीं रहता है। लखनऊ से ही निश्चित किया जाता है।ओवरलोड की वजह से बिजली रोस्टिंग की जा रही है।

