
होटल कांड में अधिवक्ता पर हमले का छठा आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
शहर के एक होटल में भोजन करने गए अधिवक्ता धर्मात्मा सिंह और उनके साथियों पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने छठे आरोपी अमन कुमार को गिरफ्तार कर शुक्रवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) नवनीत सिंह की अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। वहीं, इस मामले में पहले से जेल में बंद होटल संचालक पूरन पोपटानी समेत चार आरोपियों की न्यायिक रिमांड 16 जुलाई तक बढ़ा दी गई है।
मामले के अनुसार धम्मौर थाना क्षेत्र के नरही भांटी निवासी अंतरात्मा सिंह ने 21 जून की घटना को लेकर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि होटल संचालक पूरन पोपटानी, उनके भतीजे हर्षित पोपटानी, रजत गुप्ता उर्फ कल्लू, सूरज मोदनवाल, रवि अग्रहरि, रिंकू मोदनवाल, सद्दाम, हरिओम तथा चार अन्य लोगों ने अधिवक्ता धर्मात्मा सिंह, बिपिन पांडेय और राजन पाठक पर लोहे की रॉड, बेलचे और अन्य हथियारों से जानलेवा हमला किया।
पुलिस अब तक होटल संचालक पूरन पोपटानी, हर्षित पोपटानी, चंद्र भूषण गुप्ता, अर्श श्रीवास्तव और बहादुर वर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जांच के दौरान धनपतगंज के अहरौरा बाजार-शिवकली निवासी अमन कुमार का नाम भी सामने आया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। अदालत ने अमन कुमार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि पहले से जेल में बंद चार आरोपियों की रिमांड 16 जुलाई तक बढ़ा दी गई। पुलिस अन्य वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

