हत्या में क्लीनचिट पाए आरोपियो को तलब करने की कोर्ट में अर्जी

विजय नारायण सिंह हत्याकांड में मृतक के भाई ने दोबारा दी है अर्जी,पहली बार अपरिपक्वता पर हो गई थी खारिज

सुलतानपुर। विजय नारायण सिंह हत्याकांड में बृहस्पतिवार को एडीजे प्रथम संध्या चौधरी की अदालत में सुनवाई के लिए तारीख नियत रही। मामले में मृतक के भाई सतीश नारायण सिंह की तरफ से पुलिस की जांच में क्लीनचिट पाए आरोपी दीपक मिश्रा,जयंत मिश्रा व विनय तिवारी को बतौर अभियुक्त तलब करने के लिए दोबारा अर्जी दी गई है। अदालत ने अर्जी पर सुनवाई के लिए 12 मई की तारीख तय किया है।
कोतवाली नगर के नारायनपुर निवासी सतीश नारायण सिंह ने सात अप्रैल 2024 को पल्लवी होटल के सामने अपने भाई विजय नारायण सिंह की गोली मारकर की गई हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें अम्बेडकर नगर जिले के महरुआ निवासी अजय सिंह सिलावट,जयंत मिश्रा,दीपक मिश्रा,विनय तिवारी समेत अन्य को नामजद किया था,फिलहाल अन्य आरोपियो ने घटना में अपनी संलिप्तता न बताते हुए आरोपो को निराधार बताया है। पुलिस ने मात्र अजय सिंह सिलावट के खिलाफ चार्जशीट दाखिल किया था,जिसके खिलाफ एडीजे प्रथम संध्या चौधरी की कोर्ट में ट्रायल चल रहा है। वहीं शेष आरोपियो के खिलाफ जांच लम्बित रहने के दौरान ही वादी सतीश नारायण सिंह ने पूर्व में अजय सिंह सिलावट के अलावा अन्य आरोपियो को तलब करने की अर्जी पेश किया था,पर ट्रायल कोर्ट ने आरोपियो के खिलाफ पुलिस की जांच लम्बित होने की वजह से उनकी अर्जी को अपरिपक्व मानते हुए निस्तारित कर दिया था। लम्बे समय बाद मामले में पुलिस ने आरोपी जयंत मिश्रा,दीपक मिश्रा व विनय तिवारी सहित अन्य को क्लीनचिट देते हुए कुछ दिनों पूर्व सीजेएम नवनीत सिंह की कोर्ट में जांच रिपोर्ट पेश किया है,फिलहाल सीजेएम कोर्ट ने पुलिस रिपोर्ट में खामियां दिखने पर सीओ नगर व विवेचक को गत 18 अप्रैल की तारीख पर व्यक्तिगत रूप से तलब कर जवाब मांगा था,हालांकि सीओ व विवेचक नियत तिथि पर गैरहाजिर रहे। सीजेएम कोर्ट ने उनके हाजिर नहीं होने के बाद से अगले आदेश के लिए पत्रावली सुरक्षित कर लिया है,फिलहाल अभी तक सीजेएम कोर्ट का कोई आदेश सामने नहीं आ सका है। इसी बीच मामले के वादी सतीश नारायण सिंह ने पुलिस की जांच खत्म हो जाने की जानकारी मिलने के बाद तीन हत्यारोपियों को दोबारा तलब करने की अर्जी पेश किया है,जिस पर सुनवाई के लिए अदालत ने अगली तारीख तय किया है।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)