सिद्धार्थनगर में बड़ा हादसा: दाह संस्कार के बाद घोंघी नदी में नहाने उतरे व्यक्ति की डूबकर मौत, 23 घंटे बाद मिला शव

सिद्धार्थनगर में बड़ा हादसा: दाह संस्कार के बाद घोंघी नदी में नहाने उतरे व्यक्ति की डूबकर मौत, 23 घंटे बाद मिला शव

लोटन कोतवाली क्षेत्र के घोंघी नदी पुल के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। महराजगंज जिले से दाह संस्कार में शामिल होने आए एक 55 वर्षीय व्यक्ति की नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार और ग्रामीणों में मातम पसर गया। एसडीआरएफ की टीम ने करीब 23 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नदी से शव बरामद किया।

जानकारी के अनुसार, कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बड़गो टोला भुड़कुडहा निवासी मकालू पुत्र उदयराज (55 वर्ष) अपने गांव के एक व्यक्ति के निधन के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने लोटन क्षेत्र के घोंघी नदी पुल के पास पहुंचे थे। दाह संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह नदी में स्नान करने के लिए उतरे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वह नदी में समा गए।

घटना की सूचना मिलते ही लोटन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों से जानकारी जुटाई और मामले की सूचना एसडीआरएफ टीम को दी गई। सोमवार सुबह से ही एसडीआरएफ की टीम नदी में खोज अभियान चला रही थी। करीब 23 घंटे बाद लोटन बजरिया गांव के पूरब नदी से मकालू का शव बरामद किया गया।

शव मिलने के बाद मौके पर हल्का लेखपाल सुभाष चंद्र पहुंचे और इसकी जानकारी नायब तहसीलदार को दी। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार अमित सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। प्रशासन ने मामले की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)