
भारत-नेपाल सीमा पर ‘ऑपरेशन कवच’ का सख्त पहरा, तस्करी रोकने को पुलिस-एसएसबी की बड़ी बैठक
सिद्धार्थनगर में भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर थाना लोटन क्षेत्र में ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य गो-तस्करी, ड्रग तस्करी, शराब तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत शौरयान के निर्देशन में थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा के नेतृत्व में ग्राम सुरक्षा समिति, स्थानीय पुलिस, कस्टम विभाग, इंटेलिजेंस ब्यूरो, एलआईयू और एसएसबी अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीमा क्षेत्र में बढ़ती तस्करी गतिविधियों की रोकथाम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में गो-तस्करी, मादक पदार्थ, शराब एवं खाद्यान्न तस्करी जैसे विषयों पर रणनीति तैयार की गई। अधिकारियों ने सीमा क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, संयुक्त कार्रवाई को मजबूत करने और सूचना तंत्र को सक्रिय रखने पर जोर दिया। प्रशासन का कहना है कि ‘ऑपरेशन कवच’ के जरिए सीमा पार होने वाली अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

