
लखनऊ में उद्योग बंधु समिति की बैठक, लंबित मामलों के जल्द निस्तारण के निर्देश
लखनऊ। जिलाधिकारी विशाख जी की अध्यक्षता में 30 जून 2026 को जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद के उद्यमियों, औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित 40 प्रकरणों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कुछ मामलों के विभिन्न विभागों में लंबित होने की जानकारी सामने आई, जबकि यूपीसीडा, विद्युत विभाग और एलडीए ने कई प्रकरणों के निस्तारण की सूचना दी। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि निवेशकों और उद्यमियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
बैठक में अमौसी, नादरगंज और सरोजनी नगर औद्योगिक क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। यूपीसीडा के प्रतिनिधि ने बताया कि डक्ट निर्माण के लिए विद्युत विभाग से प्राप्त स्टीमेट मुख्यालय भेज दिया गया है और स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं जल निकासी और जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नगर निगम, यूपीसीडा और एनएचएआई के संयुक्त निरीक्षण के बाद शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। अमौसी स्थित डीवीके प्लास्टिक प्रोडक्ट्स के आसपास जलभराव की समस्या पर नगर निगम ने जानकारी दी कि मशीनों के माध्यम से लगातार पानी निकासी का कार्य कराया जा रहा है। इसके अलावा तालकटोरा औद्योगिक आस्थान में निर्माणाधीन सड़क से जुड़े विवाद के समाधान के लिए मुख्य विकास अधिकारी के स्तर पर गठित समिति द्वारा दोबारा सर्वे कराकर निस्तारण कराने की बात कही गई।
उद्योग बंधु समिति की बैठक के बाद डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट हब की भी महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें लखनऊ से होने वाले निर्यात की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए उत्तर प्रदेश निर्यात नीति 2025-30, विभिन्न निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं, डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट हब अभियान, डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट एक्शन प्लान तथा UPITS 4.0 में अधिक से अधिक निर्यातकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनपद के निर्यात को बढ़ावा देने और निवेशकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), उपायुक्त उद्योग, नगर निगम, विद्युत विभाग, एलडीए, यूपीसीडा, प्रदूषण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा तालकटोरा, अमौसी, चिनहट और गोयला औद्योगिक क्षेत्रों के उद्यमी एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

