
झाँसी : पूरी जिंदगी सांप पकड़ते रहे, आखिर में कोबरा के डंसने से गई ‘बिच्छू’ की जान
सांप पकड़ने में माहिर और इलाके में ‘बिच्छू’ के नाम से मशहूर शख्स की मौत उसी जहरीले जीव के काटने से हो गई, जिसे पकड़ने में उन्होंने पूरी जिंदगी बिताई। बताया जा रहा है कि एक कोबरा सांप को पकड़ने के दौरान उसने अचानक हमला कर दिया और बिच्छू को डस लिया। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के समय उनके साथ मौजूद नाती ने पूरे घटनाक्रम का आंखों देखा हाल बताया। नाती के मुताबिक, सांप को पकड़ने की कोशिश के दौरान कोबरा अचानक फुर्ती से पलटा और हाथ पर काट लिया। शुरुआत में परिवार को लगा कि स्थिति संभल जाएगी, लेकिन कुछ ही देर में जहर का असर तेजी से फैलने लगा। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
बिच्छू की मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। वर्षों तक लोगों को जहरीले सांपों से बचाने वाले इस शख्स का इस तरह जाना सभी के लिए बेहद दुखद रहा। स्थानीय लोगों ने उन्हें साहसी और मददगार व्यक्ति बताते हुए श्रद्धांजलि दी, वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

