टोक्यो नहीं, रोम से भारत पहुंचेंगी जापानी PM साने ताकाइची, जानिए क्यों बेहद अहम माना जा रहा है यह दौरा

टोक्यो नहीं, रोम से भारत पहुंचेंगी जापानी PM साने ताकाइची, जानिए क्यों बेहद अहम माना जा रहा है यह दौरा

जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची 1 से 3 जुलाई के बीच भारत के आधिकारिक दौरे पर रहेंगी। खास बात यह है कि वह टोक्यो से सीधे नहीं, बल्कि इटली की राजधानी रोम में अपने राजनयिक कार्यक्रमों के बाद भारत पहुंचेंगी। नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी 16वीं भारत-जापान वार्षिक शिखर वार्ता होगी। यह साने ताकाइची की प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है, जिसे दोनों देशों के रणनीतिक रिश्तों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस दौरे में रक्षा सहयोग, व्यापार, निवेश, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सप्लाई चेन, स्वच्छ ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिज (क्रिटिकल मिनरल्स) जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना समेत जापानी निवेश और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी दोनों नेताओं के बीच बातचीत होगी। जापान का एक बड़ा कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी इस यात्रा का हिस्सा होगा, जिससे निवेश और औद्योगिक साझेदारी को नई गति मिलने की उम्मीद है।

विशेषज्ञों के अनुसार, यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में रणनीतिक चुनौतियां बढ़ रही हैं और वैश्विक सप्लाई चेन को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। ऐसे में भारत और जापान अपनी “स्पेशल स्ट्रैटेजिक एंड ग्लोबल पार्टनरशिप” को नई दिशा देने की तैयारी में हैं। माना जा रहा है कि इस शिखर बैठक से रक्षा, तकनीक, आर्थिक सहयोग और क्षेत्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर दोनों देशों के रिश्ते और मजबूत होंगे।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)