
काशीमीरा में मेट्रो ब्रिज के नीचे बड़ा हादसा, सीमेंट ब्लॉक गिरने से 23 वर्षीय युवक गंभीर घायल
मीरा-भायंदर के काशीमीरा इलाके में मेट्रो ब्रिज के नीचे एक गंभीर हादसा सामने आया है। अक्षित रेस्टोरेंट के सामने सड़क से गुजर रहे 23 वर्षीय शादाब के सिर पर अचानक ब्रिज के ऊपर से सीमेंट का बड़ा ब्लॉक आ गिरा। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद उसे मीरा रोड स्थित वॉकहार्ट अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज और सर्जरी किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय शादाब सड़क पार कर रहा था और फोन आने के बाद वह कुछ देर के लिए सड़क के बीच में रुक गया था। इसी दौरान ऊपर से गिरा सीमेंट का टुकड़ा सीधे उसके सिर पर जा लगा।
हादसे के बाद शादाब गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। स्थानीय जानकारी के मुताबिक, सड़क किनारे बड़े वाहन खड़े होने के कारण काफी देर तक किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी। करीब एक घंटे बाद एक व्यक्ति ने उसे सड़क पर घायल हालत में देखा, जिसके बाद रिक्शे की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। परिवार की ओर से मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। घटना के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में मेट्रो ब्रिज के साथ एलिवेटेड ब्रिज का काम भी चल रहा है और निर्माण सामग्री नीचे गिरने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक महीने पहले भी निर्माण स्थल से लोहे की एक वस्तु स्कूल वैन के पास गिरने की घटना सामने आई थी, हालांकि उस समय कोई बच्चा घायल नहीं हुआ था। अब युवक के सिर पर सीमेंट का बड़ा ब्लॉक गिरने की घटना ने निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले को लेकर मनसे शहर अध्यक्ष संदीप राणे ने MMRDA पर निशाना साधते हुए निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने का आरोप लगाया है। उन्होंने मांग की है कि MMRDA मामले का स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करे और चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर मनसे अधिकारियों के कार्यालय के बाहर आंदोलन करेगी।

