अमीषा पटेल ने एक्ट्रेसेस की टीम के खर्च पर उठाए सवाल, बोलीं- प्रोड्यूसर्स क्यों उठाएं इतना बोझ?

अमीषा पटेल ने एक्ट्रेसेस की टीम के खर्च पर उठाए सवाल, बोलीं- प्रोड्यूसर्स क्यों उठाएं इतना बोझ?

 

बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर फैंस के साथ अपनी राय और जिंदगी से जुड़े अपडेट शेयर करती हैं। हाल ही में उन्होंने फैंस के सवालों के जवाब दिए, जिसमें फिल्मों के प्रमोशन के दौरान एक्ट्रेसेस के साथ चलने वाली बड़ी टीम और उसके खर्च को लेकर उन्होंने अपनी बात रखी। हालांकि, अमीषा ने किसी भी एक्ट्रेस का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर इस बात की चर्चा शुरू हो गई कि उनका इशारा आखिर किसकी तरफ था।

एक फैन ने अमीषा से पूछा कि क्या प्रोड्यूसर के खर्च पर स्टार्स का बड़ी टीम के साथ घूमना सही है? इसके जवाब में एक्ट्रेस ने कहा कि कई फीमेल स्टार्स अपने स्टारडम को स्वीकार नहीं कर पा रही हैं। उनका दावा था कि फिल्मों के प्रमोशन के दौरान कई बार उनकी टीम का खर्च प्रोड्यूसर्स उठाते हैं और यह रकम कुछ मामलों में फिल्म की पहले दिन की कमाई से भी ज्यादा हो सकती है। अमीषा ने तंज कसते हुए कहा कि अगर इतनी बड़ी टीम जरूरी है, तो रोजमर्रा की जिंदगी में भी इसे बिना प्रोड्यूसर के खर्च पर बनाए रखना चाहिए।

वहीं, जब एक फैन ने अमीषा पटेल से उनके नए प्रोजेक्ट को लेकर सवाल किया तो उन्होंने अपने काम को लेकर भी साफ राय रखी। एक्ट्रेस ने कहा कि वह ऐसी फिल्मों का हिस्सा नहीं बनना चाहतीं, जिनमें रिलीज से पहले ही 99 रुपये की टिकट या ‘एक के साथ एक फ्री’ जैसे ऑफर दिए जाएं। उन्होंने कहा कि वह कुछ सालों में एक बार ‘गदर’ जैसी फिल्म करना पसंद करेंगी, बजाय इसके कि ऐसी फिल्मों में काम करें जिन्हें वह अपने समय की बर्बादी मानती हैं। अमीषा आखिरी बार 2024 में रिलीज हुई ‘तौबा तेरा जलवा’ में नजर आई थीं, जबकि उनकी पिछली बड़ी सफल फिल्मों में ‘गदर 2’ शामिल है। फिलहाल उन्होंने अपने अगले प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

 

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)