
उरई-ऐट टोल के पास चलती Brezza कार बनी आग का गोला, 3 साल की बच्ची समेत 5 लोगों ने कूदकर बचाई जान
उरई-झांसी हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एट टोल प्लाजा के पास चलती हुई एक Brezza कार अचानक आग का गोला बन गई। बताया जा रहा है कि कार उरई से झांसी की ओर जा रही थी, तभी अचानक उसमें से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कार में सवार चार लोग और एक तीन वर्षीय बच्ची ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में आग लगने के तुरंत बाद एक के बाद एक चार जोरदार धमाके हुए, जिससे कार के टायर फट गए और पूरा इलाका दहल उठा। बताया जा रहा है कि कार ने कुछ देर पहले ही पास स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाया था, जिसके बाद यह हादसा हुआ। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक हो गई। घटना के चलते हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलते ही एट कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया और यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी को आग लगने की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।

