
Bluetooth On Drain Battery: क्या दिनभर Bluetooth ऑन रखने से जल्दी खत्म होती है फोन की बैटरी?
आज के समय में स्मार्टफोन के साथ Bluetooth का इस्तेमाल काफी आम हो गया है। वायरलेस ईयरबड्स, स्मार्टवॉच, कार कनेक्टिविटी और दूसरे डिवाइस के लिए लोग Bluetooth को लंबे समय तक ऑन रखते हैं। कई बार काम खत्म होने के बाद इसे बंद करना भी याद नहीं रहता। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या पूरे दिन Bluetooth ऑन रहने से फोन की बैटरी तेजी से खत्म होती है? खास बात यह है कि आधुनिक स्मार्टफोन्स में इस्तेमाल होने वाली Bluetooth Low Energy यानी BLE टेक्नोलॉजी ने इस स्थिति को काफी बदल दिया है।
पुराने फोन की तुलना में आज Bluetooth ऑन रहने पर बैटरी की खपत काफी कम होती है। जब Bluetooth किसी डिवाइस से कनेक्ट नहीं होता, तो BLE तकनीक कम पावर वाले मोड में काम करती है और आसपास के डिवाइस को खोजने के लिए बहुत कम ऊर्जा खर्च करती है। ऐसे में सिर्फ Bluetooth ऑन रहने की वजह से फोन की बैटरी तेजी से खत्म नहीं होती। हालांकि, जब Bluetooth लगातार किसी ईयरबड्स, स्मार्टवॉच या कार सिस्टम जैसे डिवाइस से कनेक्ट रहता है, तो बैटरी की खपत कुछ बढ़ सकती है।
आम तौर पर अगर Bluetooth पूरे दिन ऑन है लेकिन किसी डिवाइस से कनेक्ट नहीं है, तो इसकी बैटरी खपत फोन की कुल बैटरी का बहुत छोटा हिस्सा होती है और कई मामलों में यह करीब 1 से 3 प्रतिशत के आसपास बताई जाती है। कनेक्टेड रहने पर खपत बढ़ सकती है, लेकिन फिर भी स्क्रीन की रोशनी, मोबाइल डेटा या लगातार Wi-Fi इस्तेमाल की तुलना में Bluetooth का असर आमतौर पर काफी कम रहता है। इसलिए सिर्फ बैटरी बचाने के लिए हर बार Bluetooth बंद करना जरूरी नहीं है, खासकर तब जब आप इसे बार-बार इस्तेमाल करते हों।

