कमला नेहरू नगर हादसे की जांच तेज, जिला कलक्टर ने दुर्घटनास्थल का किया निरीक्षण; सड़क सुरक्षा सुधार के दिए अहम निर्देश

कमला नेहरू नगर हादसे की जांच तेज, जिला कलक्टर ने दुर्घटनास्थल का किया निरीक्षण; सड़क सुरक्षा सुधार के दिए अहम निर्देश

जयपुर के श्याम नगर थाना क्षेत्र स्थित 200 फीट बाईपास पर कमला नेहरू नगर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई थी, की जांच अब तेज हो गई है। जिला कलक्टर संदेश नायक के नेतृत्व में गठित सात सदस्यीय जांच समिति ने गुरुवार को दुर्घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। समिति ने हादसे के कारणों की गहन समीक्षा करने के साथ ही दुर्घटना के बाद विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्रवाई का भी परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेकर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को 40 और 60 किलोमीटर प्रति घंटा की गति सीमा के संकेतक लगाने, नो-पार्किंग बोर्ड स्थापित करने, मीडियन पर नई रेलिंग लगाने तथा क्षतिग्रस्त रेलिंग को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा हीरापुरा रोडवेज बस स्टैंड से अजमेर रोड पुलिया तक जेसीटीएसएल बसों का नियमित संचालन, लेन व्यवस्था में सुधार, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित फुटपाथ का निर्माण, अवैध एवं निजी पार्किंग की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा चौराहों पर लगे अनावश्यक डिवाइडरों को हटाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि यातायात अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सके।

इस निरीक्षण के दौरान समिति के अध्यक्ष एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट जयपुर शहर दक्षिण युगांतर शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) दक्षिण, सदस्य सचिव आमिर हसन, ईडीए के चाँदमल वर्मा, आरटीओ प्रथम यातायात चंपालाल, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता आर.के. सिंह, एनएचएआई के साइट इंजीनियर सागर सिंह, मैनेजर महेंद्र चावला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)