जालौन में युवक के साथ कथित हैवानियत, नग्न कर मारपीट का आरोप; वीडियो वायरल होने पर पुलिस से कार्रवाई की मांग

जालौन में युवक के साथ कथित हैवानियत, नग्न कर मारपीट का आरोप; वीडियो वायरल होने पर पुलिस से कार्रवाई की मांग

कालपी कोतवाली क्षेत्र के टरननगंज से एक युवक के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उसे बहाने से सुनसान स्थान पर ले जाकर बेरहमी से मारपीट की, उसके कपड़े उतार दिए और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले को लेकर पीड़ित ने कालपी कोतवाली में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित के अनुसार वह टरननगंज, कस्बा एवं थाना कालपी का निवासी है। उसने बताया कि वह अपने घर के बाहर बैठा था, तभी दो व्यक्ति उसके पास आए और कहा कि उसका भतीजा सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा है। इस पर वह उनके साथ मोटरसाइकिल से बाईपास करबला की ओर चला गया। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद दो अन्य लोगों ने भी उसे घेर लिया और चारों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से उसकी पिटाई की, उसके पास रखे 500 रुपये भी छीन लिए और उसके कपड़े उतारकर उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

पीड़ित का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। किसी तरह होश आने के बाद वह अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसने कालपी कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि शिकायत और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)