जालौन में युवक को नग्न कर बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस से न्याय की गुहार

जालौन में युवक को नग्न कर बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस से न्याय की गुहार

कालपी कोतवाली क्षेत्र के टरननगंज इलाके से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक के साथ कथित तौर पर दबंगों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि युवक को बहाने से सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, कपड़े उतारकर उसे नग्न कर दिया गया और जूतों से पीटा गया। इतना ही नहीं, घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया गया। पीड़ित ने कोतवाली कालपी पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र दिया है।

पीड़ित के अनुसार वह टरननगंज, कस्बा एवं थाना कालपी का निवासी है। उसने बताया कि वह अपने घर के पास बैठा था, तभी दो व्यक्ति उसके पास आए और कहा कि उसका भतीजा सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा है। इस बात पर भरोसा कर वह उनके साथ मोटरसाइकिल से बाईपास करबला की ओर चला गया। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने भी उन्हें घेर लिया। इसके बाद चारों लोगों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से उसकी पिटाई की, उसके पास रखे 500 रुपये भी छीन लिए और उसके कपड़े उतारकर उसे मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए।

पीड़ित का कहना है कि होश आने के बाद वह किसी तरह अपने घर पहुंचा, जहां परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट का वीडियो भी बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को भी ठेस पहुंची है। मामले में पीड़ित ने कालपी कोतवाली में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और न्याय की मांग की है। पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत और वायरल वीडियो की जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)