
शादी में आए तीन युवक नदी में डूबे, SDRF तलाश में जुटी
मध्य प्रदेश के भिंड जिले से झांसी आए तीन युवकों के पहुज नदी में डूब जाने की दर्दनाक घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार जगमोहन बघेल (19), सुधीर बघेल (15) और अवनीश यादव (20) अपने अन्य रिश्तेदारों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए एकत्र हुए थे। गुरुवार को सभी युवक झांसी के ग्राम गोपालपुरा के पास स्थित पहुज नदी में नहाने पहुंचे, जहां यह हादसा हो गया।
बताया गया है कि करीब 17 युवकों का समूह नदी में नहा रहा था। इसी दौरान जगमोहन, सुधीर और अवनीश गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ मौजूद युवकों तथा आसपास के लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी। देखते ही देखते तीनों युवक नदी में लापता हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही एसडीआरएफ टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो विशेष उपकरणों के साथ खोज अभियान में जुटेगी। प्रशासन का कहना है कि डूबे हुए युवकों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और आगे की विधिक कार्रवाई नियमानुसार अमल में लाई जाएगी।

