
भीषण गर्मी में अहमामऊ चौराहा हुआ भंडारामय, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
लखनऊ के अहमामऊ स्थित राम जानकी मंदिर, शहीदपथ पर ज्येष्ठ माह के तृतीय बड़े मंगलवार के अवसर पर भव्य सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस आयोजन का नेतृत्व रियल एस्टेट कारोबारी सौरभ सिंह “रोहित” ने अपनी टीम के साथ किया। धार्मिक माहौल के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना में भाग लिया और कार्यक्रम को सफल बनाया।
भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए पूड़ी, सब्जी, कढ़ी-चावल और शर्बत सहित कई प्रकार के प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। भीषण गर्मी के बावजूद हजारों की संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और प्रसाद ग्रहण किया। विशेष रूप से पानी और शर्बत की व्यवस्था ने गर्मी से राहत देने का काम किया, जिससे श्रद्धालुओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम के समापन पर सौरभ सिंह “रोहित” ने अपने सहयोगियों और विभिन्न जनपदों से आए श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और आशीर्वाद से यह आयोजन सफल रहा तथा अगले वर्ष अपनी टीम के साथ इससे भी अधिक भव्य और विशाल कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया है।

