
शोकाकुल परिवार से मिले यूडीएच मंत्री, कहा- दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है सरकार
ग्राम पंचायत गढ़टकनेत की डेरावाली ढाणी निवासी आरएसी जवान भैंरूराम रुण्डला के निधन पर राजस्थान सरकार के यूडीएच मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक झाबर सिंह खर्रा सोमवार शाम शोक-संतप्त परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंचे। मंत्री ने परिवारजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।
गौरतलब है कि आरएसी जवान भैंरूराम रुण्डला की शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान हृदयगति रुकने से मृत्यु हो गई थी। शनिवार को उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया था। अंत्येष्टि के अवसर पर यूडीएच मंत्री के प्रतिनिधि के रूप में अजय सिंह खर्रा भी शामिल हुए थे।
सोमवार को मंत्री झाबर सिंह खर्रा स्वयं डेरावाली ढाणी पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। उन्होंने दिवंगत जवान की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके योगदान को याद करते हुए नमन किया। मंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में वे उनके साथ हैं।
इस दौरान परिवार के सदस्य भोलाराम रुण्डला, चोथूराम रुण्डला, रमेश रुण्डला, मोहरुराम रुण्डला, बनवारीलाल रुण्डला, फूलचंद रुण्डला, देवीसहाय रुण्डला, छीतरमल रुण्डला, ओमप्रकाश रुण्डला सहित डीलर मुकेश नटवाड़िया और अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

