
शादी के दो महीने बाद रायसेन के कारोबारी की तलवार से काटकर हत्या, पहले भी हो चुके थे दो हमले
मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में एक कारोबारी की तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने कारोबारी पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले के दौरान उसका हाथ का पंजा भी कट गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की शादी करीब दो महीने पहले ही हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद हुई इस वारदात से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक पर इससे पहले भी दो बार हमले हो चुके थे। ऐसे में जांच टीम पुरानी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

