
बारिश ने धोया भारत-अफगानिस्तान क्वार्टर फाइनल, बिना खेले सेमीफाइनल में पहुंचा भारत
एशियन गेम्स 2026 में भारत और अफगानिस्तान के बीच पुरुष क्रिकेट का क्वार्टर फाइनल मुकाबला लगातार बारिश और खराब आउटफील्ड के कारण रद्द कर दिया गया। मैच में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। मुकाबला रद्द होने के साथ ही डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय टीम सीधे सेमीफाइनल में पहुंच गई।
भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने की वजह टूर्नामेंट का नियम है। नॉकआउट मुकाबला बारिश से पूरी तरह रद्द होने की स्थिति में बेहतर ICC T20I रैंकिंग वाली टीम को अगले दौर में जगह मिलती है। भारत इस समय T20I रैंकिंग में नंबर-1 और अफगानिस्तान 10वें स्थान पर है। इसी आधार पर भारत को विजेता घोषित कर सेमीफाइनल का टिकट मिला।
मुकाबला रद्द होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया। इसके साथ ही अफगानिस्तान का एशियन गेम्स अभियान समाप्त हो गया। भारत अब 1 अक्टूबर को सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगा।
इससे पहले भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को पुरुष क्रिकेट के क्वार्टर फाइनल में सीधे प्रवेश मिला था। वहीं अफगानिस्तान सहित अन्य टीमों को ग्रुप स्टेज से नॉकआउट में जगह बनानी पड़ी।

