
बांदा में चिल्ला पुलिस की सराहनीय पहल, 90 फीट गहरे कुएं से व्यक्ति को सकुशल निकाला
थाना चिल्ला पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक व्यक्ति की जान बच गई। पारिवारिक विवाद के चलते मानसिक तनाव में आए एक व्यक्ति ने खेत में बने करीब 90 फीट गहरे कुएं में छलांग लगा दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब 4 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 12/13 जुलाई की रात करीब 1 बजे थाना चिल्ला पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम पलरा में एक व्यक्ति पारिवारिक कलह से परेशान होकर खेत में स्थित गहरे कुएं में कूद गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
रात के अंधेरे और करीब 90 फीट गहरे कुएं की चुनौतीपूर्ण स्थिति के बावजूद पुलिसकर्मियों ने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय दिया। ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और ग्रामीणों की टीम ने व्यक्ति को सकुशल कुएं से बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद व्यक्ति की हालत को देखते हुए उसे तुरंत एंबुलेंस की मदद से बेहतर इलाज के लिए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, बांदा भेजा गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक परिवार को अपने सदस्य का जीवन वापस मिल सका।
इस पूरे अभियान में थानाध्यक्ष चिल्ला आनंद कुमार साहू और उपनिरीक्षक कमल सिंह सहित पुलिस टीम ने साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदना का परिचय दिया। पुलिस की इस सराहनीय भूमिका की क्षेत्र में जमकर प्रशंसा हो रही है।

