
फालना में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, 21 सूत्रीय मांगों को लेकर नगर पालिका कार्यालय का घेराव
फालना (पाली) में जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशन में नगर कांग्रेस कमेटी ने 21 सूत्रीय मांगों को लेकर नगर पालिका कार्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नगर अध्यक्ष हितेश (हैप्पी) मेवाड़ा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता श्री झटपटिया बालाजी मंदिर परिसर में एकत्र हुए, जहां से वे नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गर्म रहा और कार्यकर्ताओं ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
नगर पालिका कार्यालय पहुंचने पर अधिशासी अधिकारी के अनुपस्थित मिलने से कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वहीं परिसर में धरना शुरू कर दिया और अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। कुछ समय बाद बाली उपखंड अधिकारी दिनेश बिश्नोई मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने ज्ञापन स्वीकार किया और आश्वासन दिया कि सभी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। जिला अध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाडा ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और आम जनता के काम समय पर नहीं हो रहे हैं। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष यशपाल सिंह राजपुरोहित ने नगर पालिका प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब प्रशासनिक कैंप चल रहे हैं और अधिकारियों को मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं, तो फिर अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से क्यों अनुपस्थित रहते हैं। नगर अध्यक्ष हितेश मेवाड़ा ने चेतावनी दी कि यदि 21 सूत्रीय मांग पत्र पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में नगर पालिका के बाहर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

