
पाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 42 किलो 350 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
पाली जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मारवाड़ जंक्शन के सिरियारी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध डोडा पोस्त की खेप के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 42 किलो 350 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिरियारी थाना पुलिस को काली घाटी क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध कार को रुकवाया। पुलिस के मुताबिक, कार के आगे बाइक पर सवार दो युवक रास्ते की निगरानी करते हुए उसे एस्कॉर्ट कर रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक सवार दोनों युवकों और कार चालक को पकड़ लिया।
सिरियारी थाना अधिकारी हुकम गिरी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद कार की तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से 42 किलो 350 ग्राम डोडा पोस्त जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

