
पत्रकार पर जानलेवा हमले के विरोध में एकजुट हुए पत्रकार संगठन, आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की उठी मांग
चूरू में वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र सिंह शेखावत पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में जिले के विभिन्न पत्रकार संगठनों ने एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम को ज्ञापन सौंपा। Indian Federation of Working Journalists (आईएफडब्ल्यूजे), श्रमजीवी पत्रकार संघ और चूरू जिला पत्रकार संघ के प्रतिनिधियों ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पत्रकार जेपी जोशी ने कहा कि नशे से जुड़ी खबर प्रकाशित करने के बाद पत्रकार पर हमला होना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि यदि जिला मुख्यालय पर पत्रकार सुरक्षित नहीं हैं, तो दूरदराज क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ जाती है। पत्रकार संगठनों ने मांग की कि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई कर पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
पीड़ित पत्रकार राजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि उन्होंने 2 जुलाई को एफसीआई गोदाम के सामने स्थित बड़ का बालाजी मंदिर के पास नशेड़ियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की खबर प्रसारित की थी। इसी से नाराज होकर 4 जुलाई की रात करीब 8:15 बजे अज्ञात बदमाश ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें उनके हाथ पर गंभीर चोट आई। 5 जुलाई को कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराने के बावजूद 48 घंटे बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर पत्रकार संगठनों ने रोष जताया। ज्ञापन सौंपने के दौरान जेपी जोशी, देवराज लाटा, प्रेम शर्मा, राहुल शर्मा, विजय सारस्वत, ओम प्रकाश शर्मा, पवन शर्मा, किशन उपाध्याय, ललित चौहान, देश दीपक किरोड़ीवाल, नरेश पारीक, बजरंगलाल सैनी, मो. अली पठान, अख्तर मुगल, मनोज शर्मा और जमील चौहान सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

