
ताजमहल में विदेशी महिला को घूर रहे थे लोग, फोटोग्राफर ने लगाई फटकार; वीडियो वायरल
आगरा के ताजमहल परिसर से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक विदेशी महिला पर्यटक फोटो खिंचवाती नजर आ रही है, जबकि कुछ लोग कथित तौर पर उसे लगातार घूरते दिखाई देते हैं। इसी दौरान वहां मौजूद एक फोटोग्राफर ने आगे बढ़कर उन लोगों को फटकार लगाई और महिला को असहज न करने की बात कही।
फोटोग्राफर ने कहा- ताजमहल देखने आए हो तो ताजमहल देखो
माहौल को देखते हुए फोटोग्राफर ने उनसे सवाल किया और कड़े लहजे में कहा कि अगर वे ताजमहल देखने आए हैं तो ताजमहल देखें और पर्यटक को असहज न करें।
फोटोग्राफर की फटकार के बाद वहां खड़े लोग वहां से चले गए। इसके बाद महिला ने राहत के साथ अपनी तस्वीरें खिंचवाईं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पोस्ट के मुताबिक, वीडियो को अब तक 39 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। कई यूजर्स ने फोटोग्राफर के हस्तक्षेप की तारीफ की और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की निजता और व्यक्तिगत सीमाओं का सम्मान करने की बात कही।
सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। वीडियो के सामने आने के बाद सार्वजनिक जगहों पर किसी को लगातार घूरने और असहज करने के व्यवहार को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
यह घटना किसी सार्वजनिक स्थल पर पर्सनल स्पेस और पर्यटकों के सम्मान को लेकर एक अहम सोशल मीडिया चर्चा का विषय बन गई है।

