जयपुर में सड़क सुरक्षा पर बड़ा फैसला, 35 प्रमुख सड़कों को बनाया जाएगा उत्कृष्ट

जयपुर में सड़क सुरक्षा पर बड़ा फैसला, 35 प्रमुख सड़कों को बनाया जाएगा उत्कृष्ट

जयपुर में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्टर एवं समिति अध्यक्ष संदेश नायक की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात प्रबंधन और शहर की प्रमुख सड़कों के विकास को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।

बैठक में जिला कलेक्टर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की रोड सेफ्टी गाइडलाइन का सभी विभाग गंभीरता से पालन करें और सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसका सख्ती से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

इस दौरान यादगार से सीतापुरा तक सुगम पथ परियोजना के कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही जयपुर शहर की 35 प्रमुख सड़कों के सौंदर्यीकरण, मरम्मत, पैदल यात्रियों की सुविधाओं और आधुनिक साइनेज के लिए जल्द रोड सेफ्टी ऑडिट रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश जेडीए, नगर निगम, रीको और हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को दिए गए।

जिला कलेक्टर ने होटल, बार, कैफे और हॉस्टलों के बाहर पार्किंग व्यवस्था की जानकारी बोर्ड पर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए। वहीं ओवरलोड और मॉडिफाइड वाहनों, विशेष रूप से फूड वैन, के खिलाफ आरटीओ की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए नए ब्लैक स्पॉट्स चिन्हित करने के निर्देश जारी किए गए।

इसके अलावा दिल्ली रोड, आगरा रोड, अजमेर रोड और सीकर रोड सहित शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों की मरम्मत, पेचवर्क और प्रवेश द्वारों को व्यवस्थित करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए। साथ ही शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने और गंदगी फैलाने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर जुर्माना लगाने के निर्देश भी जारी किए गए।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)