
जयपुर में अवैध गैस भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 66 सिलेंडर जब्त, एफआईआर दर्ज
जस्थान की राजधानी जयपुर में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला कलेक्टर संदेश नायक के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रवर्तन’ के तहत सतर्कता दल और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 66 गैस सिलेंडर, 4 बांसुरियां और एक रेगुलेटर सहित रबर पाइप जब्त किए गए हैं। मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण ने बताया कि खोनागोरियान थाना क्षेत्र के देविका नगर, बंध्या रोड पर अवैध गैस रिफिलिंग की सूचना पर छापेमारी की गई। यहां से 45 घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर तथा 4 बांसुरियां बरामद हुईं। वहीं, देविका नगर बदिया रोड पर ऑटो रिक्शा के जरिए गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध परिवहन का खुलासा होने पर 12 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
इसके अलावा झारखंड मोड़, खातीपुरा स्थित जोधपुर मिष्ठान भंडार पर कार्रवाई करते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल की पुष्टि हुई। यहां से 9 घरेलू गैस सिलेंडर, एक रेगुलेटर और रबर पाइप जब्त किए गए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जयपुर शहर में अवैध गैस रिफिलिंग, भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रवर्तन’ लगातार जारी रहेगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

