
UPTET 2026: सर्टिफिकेट में गलती सुधारने का मौका, 200 रुपये फीस देकर ऐसे करें आवेदन
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने UPTET 2026 के सर्टिफिकेट में गलत जानकारी सुधारने के लिए ऑनलाइन सुविधा शुरू की है। जिन अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र में नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि या कैटेगरी से जुड़ी गलती है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन संशोधन के लिए आवेदन कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि सुधार के आवेदन केवल ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। डाक, ऑफलाइन पत्र या व्यक्तिगत रूप से दिए गए आवेदन मान्य नहीं होंगे। संशोधित प्रमाण पत्र के लिए उम्मीदवारों को 200 रुपये शुल्क जमा करना होगा।
सर्टिफिकेट में सुधार के लिए उम्मीदवारों को आयोग की वेबसाइट पर जाकर UPTET Certificate Correction 2026 के लिंक के जरिए आवेदन करना होगा। इसके बाद लॉगिन डिटेल और मांगी गई जानकारी दर्ज करके जिस विवरण में बदलाव करना है, उसे चुनना होगा। जरूरत के अनुसार संबंधित दस्तावेज अपलोड करने के बाद 200 रुपये फीस जमा कर आवेदन सबमिट करना होगा। उम्मीदवारों को आवेदन की रसीद सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सुधार का मौका केवल एक बार मिलेगा। संशोधित प्रमाण पत्र जारी होने के बाद दोबारा बदलाव का अवसर नहीं दिया जाएगा।
आयोग के मुताबिक यह सुविधा UPTET 2026 के रिजल्ट के बाद अभ्यर्थियों से मिली शिकायतों के आधार पर शुरू की गई है। परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित हुई थी और रिजल्ट 26 अगस्त को जारी किया गया था। वहीं, UPESSC ने स्पेशल UPTET 2026 की तारीख भी घोषित कर दी है, जो 3 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले अपने सभी विवरण और दस्तावेज अच्छी तरह जांच लेने की सलाह दी गई है।

