
UP PCS 2025: 28 सितंबर से शुरू होंगे इंटरव्यू, 2,297 अभ्यर्थी होंगे शामिल
उत्तर प्रदेश पीसीएस 2025 भर्ती प्रक्रिया अब अगले चरण में पहुंच गई है। इलाहाबाद हाईकोर्ट से अनुमति मिलने के बाद उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) अब मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के इंटरव्यू कराने जा रहा है। आयोग के कार्यक्रम के अनुसार इंटरव्यू 28 सितंबर से 24 अक्टूबर 2026 तक अलग-अलग कार्यदिवसों में आयोजित होंगे। कुल 2,297 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया है।
इंटरव्यू दो पालियों में होंगे। पहली पाली सुबह 9:30 बजे और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शुरू होगी। पहली पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे और दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 12:30 बजे आयोग परिसर में रिपोर्ट करना होगा। इंटरव्यू से पहले उम्मीदवारों को आयोग की वेबसाइट पर जरूरी ऑनलाइन और ऑफलाइन ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी और इसके बाद इंटरव्यू लेटर डाउनलोड करना होगा।
पीसीएस 2025 में प्रशासन, पुलिस, राजस्व, विकास, श्रम और खाद्य सुरक्षा समेत कई विभागों के पद शामिल हैं। अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के दौरान निर्धारित प्रारूप में वरीयता पत्र भी जमा करना होगा। वहीं पुलिस उपाधीक्षक और आबकारी निरीक्षक पदों के लिए निर्धारित शारीरिक मानकों का भी पालन करना होगा। इंटरव्यू पूरा होने के बाद भर्ती प्रक्रिया अंतिम चरण में प्रवेश करेगी।

