
NEET UG 2026: री-एग्जाम अभ्यर्थियों के लिए NTA ने बैंक डिटेल अपडेट विंडो खोली, 30 जून तक करें अपडेट
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 री-एग्जाम में शामिल उम्मीदवारों के लिए बैंक खाते की जानकारी अपडेट करने का अंतिम अवसर दिया है। जिन अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क की वापसी (Fee Refund) मिलनी है, वे आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपनी बैंक डिटेल 30 जून 2026 तक अपडेट या सत्यापित कर सकते हैं। तय समय सीमा के बाद किसी भी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को अपने बैंक खाते से जुड़ी सभी जानकारी, जैसे खाताधारक का नाम, बैंक खाता संख्या, IFSC कोड और अन्य आवश्यक विवरण, सही-सही दर्ज करने होंगे। गलत या अधूरी जानकारी देने पर फीस रिफंड में देरी हो सकती है या भुगतान प्रभावित हो सकता है। एजेंसी ने अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
उम्मीदवार आधिकारिक NEET UG पोर्टल पर लॉग इन करके अपनी बैंक डिटेल अपडेट कर सकते हैं। इसके साथ ही एनटीए ने री-एग्जाम की प्रोविजनल आंसर-की पर आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे सभी अपडेट केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही प्राप्त करें।

