
NEET UG 2026: पेपर लीक विवाद के बीच परीक्षा रद्द, मामले की जांच CBI को सौंपी जाएगी
NEET UG 2026 पेपर लीक विवाद के बीच छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। 3 मई को आयोजित हुई नीट यूजी परीक्षा को रद्द कर दिया गया है और अब परीक्षा दोबारा कराई जाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजस्थान से शुरू हुए कथित पेपर लीक मामले में गेस पेपर के कई सवाल असली पेपर से मेल खाने के दावे के बाद परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठे थे, जिसके बाद यह बड़ा फैसला लिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अब CBI को सौंपे जाने की बात सामने आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, जांच एजेंसी यह पता लगाएगी कि कथित पेपर लीक कैसे हुआ, गेस पेपर किन लोगों तक पहुंचा और क्या इसमें कोई बड़ा नेटवर्क शामिल था। इससे पहले राजस्थान SOG भी मामले की जांच कर रही थी और कई लोगों से पूछताछ की जानकारी सामने आई थी।
परीक्षा रद्द होने से लाखों छात्रों की चिंता बढ़ गई है, लेकिन दोबारा परीक्षा कराने का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में भरोसा बनाए रखना बताया जा रहा है। नई परीक्षा की तारीख जल्द घोषित किए जाने की उम्मीद है। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और केवल NTA की आधिकारिक वेबसाइट या आधिकारिक सूचना के आधार पर ही आगे की तैयारी करें।

