
KGMU में MBBS इंटर्न की भूख हड़ताल, ₹30 हजार स्टाइपेंड समेत इन मांगों पर अड़े डॉक्टर
लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में MBBS और BDS इंटर्न डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। 22 अगस्त को इंटर्न डॉक्टरों ने प्रदर्शन कर मौजूदा ₹12 हजार मासिक स्टाइपेंड को बढ़ाकर ₹30 हजार करने की मांग दोहराई।
क्या हैं इंटर्न डॉक्टरों की मांगें?
इंटर्न डॉक्टरों का कहना है कि इंटर्नशिप के दौरान उन्हें लंबे समय तक ड्यूटी करनी पड़ती है और मरीजों की देखभाल के साथ कई क्लिनिकल जिम्मेदारियां भी निभानी होती हैं। ऐसे में ₹12 हजार का मासिक स्टाइपेंड उनकी जिम्मेदारियों और मौजूदा महंगाई के हिसाब से पर्याप्त नहीं है।
उनकी प्रमुख मांगें हैं:
- मासिक स्टाइपेंड ₹12 हजार से बढ़ाकर ₹30 हजार किया जाए।
- इंटर्न को उनकी ड्यूटी और जिम्मेदारियों के अनुरूप उचित मानदेय मिले।
- दूसरे राज्यों और केंद्रीय संस्थानों के स्टाइपेंड के अनुरूप भुगतान में समानता लाई जाए।
- स्टाइपेंड का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए।
इस मांग को लेकर KGMU के अलावा लोहिया संस्थान, गोरखपुर, मेरठ समेत अन्य मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न भी आवाज उठा चुके हैं। KGMU प्रशासन ने पहले इस मांग को राज्य सरकार के सामने रखने का आश्वासन दिया था।
अब इंटर्न डॉक्टरों के आंदोलन के आगे क्या रुख अपनाया जाता है और स्टाइपेंड बढ़ाने पर सरकार की ओर से क्या फैसला होता है, इस पर सभी की नजर है।

