
जयपुर में पत्रकारों का हल्लाबोल: 30 सूत्रीय मांगों को लेकर वॉइस ऑफ मीडिया ने किया धरना, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान से जुड़ी 30 सूत्रीय मांगों को लेकर वॉइस ऑफ मीडिया के बैनर तले जयपुर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। राजधानी जयपुर स्थित पुलिस कमिश्नरेट के सामने शहीद स्मारक पर आयोजित इस आंदोलन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पत्रकारों ने हिस्सा लिया और मुख्यमंत्री के नाम 30 सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर पत्रकारों की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
धरने को संबोधित करते हुए वॉइस ऑफ मीडिया के प्रदेश अध्यक्ष केशव सिंह सोलंकी ने कहा कि यह आंदोलन पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान और लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की और “हम सब एक हैं” के संदेश के साथ पत्रकार हितों के लिए संघर्ष का संकल्प लिया।
इस दौरान संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी गोपाल गुप्ता ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनके हितों की रक्षा के लिए सभी पत्रकार संगठनों को एकजुट होकर आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, सुविधाओं और सम्मान से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना समय की जरूरत है।
प्रेस क्लब वेलफेयर वर्ल्ड वाइड फाउंडेशन के जयपुर जिला अध्यक्ष डॉ. सुरेश चंद्र शर्मा ने कहा कि पत्रकार अपनी कलम के माध्यम से समाज की समस्याओं और भ्रष्ट व्यवस्थाओं को सामने लाने का कार्य करते हैं। उन्होंने ग्रामीण पत्रकारों के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था, बच्चों की शिक्षा में सहायता और पत्रकारों के लिए आर्थिक सहयोग जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि पत्रकारों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को लगातार पत्राचार किया जा रहा है।
वहीं पत्रकार संघ तहसील उपाध्यक्ष नागपाल शर्मा माचाड़ी ने कहा कि पत्रकार संगठनों को एक मंच पर आकर एकजुटता के साथ अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो सभी संगठनों को साथ लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिससे पत्रकारों की जायज मांगों को पूरा कराया जा सके।
धरना-प्रदर्शन के बाद वॉइस ऑफ मीडिया के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम 30 सूत्रीय मांगपत्र उनके प्रतिनिधि को सौंपा। प्रतिनिधि ने मांगों के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। संगठन ने कहा कि मांगपत्र में पत्रकारों के कल्याण, सुरक्षा, सुविधाओं और अन्य महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार की ओर से जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा। धरना समाप्त होने के बाद पत्रकारों ने अल्पाहार किया और आगामी रणनीति पर चर्चा की।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार गोपाल गुप्ता, गोविंद प्रसाद सैनी, डॉ. सुरेश चंद्र शर्मा, दुर्गा लाल सैनी, संदीप अग्रवाल, किशन सिंह, नितेश अग्रवाल, डीसी शर्मा, जयंत सिंह सोलंकी, सुरेंद्र सोनी, जाकिर खान, घनश्याम शर्मा, नागपाल शर्मा, कमल रतनु, उमर पठान, रेखराज चौहान, सुरेश कुमावत, प्रशांत गौड़, गोविंद गोपाल सिंह, शिंभू सिंह शेखावत, राजेश मेहरा, विनोद शर्मा, रोहित सिंधी, ओमप्रकाश मीणा सहित प्रदेशभर से आए अनेक पत्रकार मौजूद रहे।

