
*विजय नारायण हत्याकांड में आरोपियो को तलब करने पर आदेश सुरक्षित*
सुल्तानपुर। विजय नारायण सिंह हत्याकांड में मंगलवार को एडीजे प्रथम संध्या चौधरी की अदालत में सुनवाई के लिए तारीख नियत रही। मामले में मृतक के भाई सतीश नारायण सिंह की तरफ से पुलिस की जांच में क्लीनचिट पाए आरोपी जयंत मिश्रा,दीपक मिश्रा व विनय तिवारी को बतौर अभियुक्त तलब करने के लिए दोबारा दी गई अर्जी पर उभय पक्ष ने अपनी-अपनी बहस पूरी कर दिया है। अदालत ने अर्जी पर आदेश सुरक्षित करते हुए 25 जून की तारीख तय किया है।
कोतवाली नगर के नारायनपुर निवासी सतीश नारायण सिंह ने सात अप्रैल 2024 को पल्लवी होटल के सामने अपने भाई विजय नारायण सिंह की गोली मारकर की गई हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें अम्बेडकर नगर जिले के महरुआ निवासी अजय सिंह सिलावट एवं जयंत मिश्रा,दीपक मिश्रा,विनय तिवारी समेत अन्य को नामजद किया था,फिलहाल पुलिस ने मात्र अजय सिंह सिलावट के खिलाफ चार्जशीट दाखिल किया था,जिसके खिलाफ एडीजे प्रथम संध्या चौधरी की कोर्ट में ट्रायल चल रहा है। शेष आरोपियो के खिलाफ जांच लम्बित रहने के दौरान ही वादी सतीश नारायण सिंह ने पूर्व में अजय सिंह सिलावट के अलावा अन्य आरोपियो को तलब करने की अर्जी पेश किया था,पर अदालत ने जांच लम्बित होने की वजह से अर्जी को अपरिपक्व मानते हुए निस्तारित कर दिया था। लम्बे समय बाद पुलिस ने मामले में लम्बित चल रही जांच को पूरा कर रिपोर्ट पेश किया है,जिसमे आरोपियो को क्लीनचिट मिली है। वादी सतीश नारायण ने पुलिस की जांच खत्म हो जाने के बाद तीन हत्यारोपियों को तलब करने के लिए दोबारा अर्जी पेश किया है,जिस पर कोर्ट ने बहस सुनकर आदेश सुरक्षित कर लिया है।

