चौमू के घिनोई में युवा चौपाल: युवाओं ने रखा विकास का विजन, विकसित भारत-2047 का लिया संकल्प

चौमू के घिनोई में युवा चौपाल: युवाओं ने रखा विकास का विजन, विकसित भारत-2047 का लिया संकल्प

चौमू । ग्राम पंचायत भवन घिनोई में युवा चौपाल के तहत मॉडल युवा ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्वामी विवेकानंद युवा मंडल के तत्वावधान में खुशी महिला राजीविका ग्राम संगठन एवं समुत्कर्ष युवा विकास नवयुवक मंडल संस्थान के सहयोग से हुआ। युवा ग्राम सभा में युवाओं ने गांव के विकास और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न प्रस्ताव रखे तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन का संकल्प लिया।

स्थानीय सरपंच एकता कंवर की अध्यक्षता में आयोजित ग्राम सभा में युवाओं ने डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना, जर्जर सार्वजनिक भवनों को जन उपयोगी बनाना, टीकाकरण से वंचित बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण, कौशल विकास एवं स्वावलंबन केंद्र का संचालन, ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) में सहयोग, खेल मैदानों के विकास में सहभागिता तथा विकसित भारत-2047 के लक्ष्यों को प्राप्त करने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे।

इसके अलावा वीजीआरएमजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा, मुद्रा एवं स्वनिधि योजनाओं से वंचित पात्र लोगों की पहचान, खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन, साम्य के मॉडल एक्शन प्लान के तहत कार्य करने तथा माय भारत अभियान से अधिकाधिक युवाओं को जोड़ने पर भी चर्चा की गई।

समापन अवसर पर खंड विकास अधिकारी सी.आर. मीणा ने वीजीआरएमजी योजना की विस्तार से जानकारी देते हुए अधिकाधिक युवा चौपाल आयोजित करने पर बल दिया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने के लिए संचालित योजनाओं की भी जानकारी दी। वहीं यूनिसेफ के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अंकित कुमार ने बच्चों के टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इसमें सामुदायिक सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।

मुख्य अतिथि पूर्व विधायक रामलाल शर्मा ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए युवाओं से रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। समुत्कर्ष संस्थान के अध्यक्ष राजेंद्र सैन ने पंच परिवर्तन के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम में सुरेश कुमार यादव, गर्वित चतुर्वेदी, अभिनव गौड़, स्नेहा शर्मा, ज्योति कुमावत, अंशु शर्मा, बबीता मीणा, सामाजिक कार्यकर्ता रेखा कुमावत सहित करीब 90 प्रतिभागियों ने भाग लिया। ग्राम सभा में पारित प्रस्तावों को लिखित रूप में तैयार कर आगामी कार्यवाही एवं क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। राष्ट्रगान के साथ युवा चौपाल एवं मॉडल युवा ग्राम सभा का समापन हुआ।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)