पर्यावरण दिवस पर कानड़ियावाला में उमड़ा जनसैलाब, सैकड़ों लोगों ने लिया दो-दो पौधे लगाने का संकल्प

पर्यावरण दिवस पर कानड़ियावाला में उमड़ा जनसैलाब, सैकड़ों लोगों ने लिया दो-दो पौधे लगाने का संकल्प

आईएएस डॉ. हर सहाय मीणा बोले— हर व्यक्ति हर वर्ष दो पौधे लगाए, तभी सुरक्षित रहेगा पर्यावरण

जमवारामगढ़।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम कानड़ियावाला में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरण का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। श्री लक्ष्मी नारायण मीणा मेमोरियल ट्रस्ट कानड़ियावाला एवं टीएसएम जमवारामगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशाल वृक्षारोपण कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन श्री लक्ष्मी नारायण मीणा मूर्ति परिसर, इंडेन गैस गोदाम के निकट किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, महिलाएं, समाजसेवी एवं पर्यावरण प्रेमी जुटे। कार्यक्रम का शुभारंभ ट्रस्ट के संरक्षक आईएएस डॉ. हर सहाय मीणा तथा ट्रस्ट अध्यक्षा एवं पंचायत समिति सदस्य सुमन मीणा ने पौधारोपण कर किया। इस दौरान आम, अमरूद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा उपस्थित लोगों को भी पौधे वितरित किए गए।
अपने संबोधन में आईएएस डॉ. हर सहाय मीणा ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन के कारण पर्यावरण गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने आह्वान किया कि हर व्यक्ति प्रतिवर्ष कम से कम दो पौधे अवश्य लगाए और उनकी देखभाल भी करे। उन्होंने कहा कि पेड़ केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और मानव जीवन के अस्तित्व के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं।
ट्रस्ट अध्यक्षा सुमन मीणा ने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी यदि प्रकृति संरक्षण की जिम्मेदारी निभाए तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाना भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है।
कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़, अनेक जीवन—अनमोल धन” का संदेश देते हुए उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली तथा अपने घरों, खेतों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर अधिकाधिक पौधारोपण करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण सामाजिक कार्यकर्ता एवं पत्रकार भरत देवड़वाल तथा प्रोफेसर छुट्टन लाल मीणा का जन्मदिन समारोह रहा। दोनों का जन्मदिन पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए केक काटा गया तथा उन्हें पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आम और अमरूद के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस मौके पर प्रो. रामनारायण मीणा, संयुक्त निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग शम्भूराम दौसा, तहसीलदार चंद्र सिंह डोडा, नायब तहसीलदार राजेंद्र वर्मा, सहायक कृषि अधिकारी मुरारीलाल नाड़ा, शिक्षाविद रंगलाल चावंडिया, मुकेश झाखड़ एवं वृक्ष मित्र अशोक घोरेठ सहित अनेक वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, जल संकट और जलवायु परिवर्तन पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने अधिकाधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। पूरे आयोजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों का उत्साह और जागरूकता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)