
राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, जिले का बढ़ाया मान
राष्ट्रीय स्तर की ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अमीना ताइक्वांडो अकादमी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए और जनपद का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में 78 किलोग्राम जूनियर वर्ग में प्रियांशु तिवारी, 41 किलोग्राम सब जूनियर वर्ग में सत्यांश आर. श्रीवास्तव, 63 किलोग्राम जूनियर वर्ग में साक्षी तथा 41 किलोग्राम सब जूनियर वर्ग में यथार्थ मौर्य ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने न केवल अकादमी बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।
अकादमी की मुख्य प्रशिक्षिका अमीना बानो ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके निरंतर कठिन परिश्रम, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने बताया कि सभी खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में पूरे आत्मविश्वास और समर्पण के साथ भाग लिया, जिसके फलस्वरूप उन्हें राष्ट्रीय मंच पर सफलता प्राप्त हुई। खिलाड़ियों के अभिभावकों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए अकादमी के प्रशिक्षण और मार्गदर्शन की सराहना की।
खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता पर अमीना ताइक्वांडो अकादमी के अध्यक्ष शिवकुमार सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. सुधाकर सिंह, कोषाध्यक्ष एडवोकेट मदन सिंह एवं सदस्य कांति सिंह सहित खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य लोगों ने विजेता खिलाड़ियों और प्रशिक्षिका अमीना बानो को बधाई दी। सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले तथा देश का नाम रोशन करेंगे।

