भारत-पाकिस्तान ने सौंपी कैदियों की सूची, पाकिस्तान की जेलों में 250 भारतीय बंद

भारत-पाकिस्तान ने सौंपी कैदियों की सूची, पाकिस्तान की जेलों में 250 भारतीय बंद

भारत और पाकिस्तान ने द्विपक्षीय समझौते के तहत 1 जुलाई को एक-दूसरे की जेलों में बंद कैदियों की नई सूची का आदान-प्रदान किया। भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, पाकिस्तान ने अपनी हिरासत में बंद 250 भारतीय या भारतीय माने जाने वाले कैदियों की सूची सौंपी है। इनमें 52 नागरिक कैदी और 198 मछुआरे शामिल हैं। वहीं भारत ने पाकिस्तान को 439 पाकिस्तानी या पाकिस्तानी माने जाने वाले कैदियों की सूची सौंपी, जिनमें 386 नागरिक कैदी और 53 मछुआरे शामिल हैं।

भारत ने पाकिस्तान से 188 भारतीय नागरिकों और मछुआरों की जल्द रिहाई और स्वदेश वापसी की मांग भी दोहराई है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इनमें वे लोग शामिल हैं जिन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली है या जिनकी रिहाई की प्रक्रिया लंबित है। भारत ने 13 ऐसे नागरिक कैदियों को भी तत्काल कांसुलर एक्सेस देने की मांग की है, जिन्हें भारतीय माना जाता है लेकिन अब तक यह सुविधा नहीं मिली है।

दोनों देशों के बीच कैदियों की सूची का यह आदान-प्रदान 2008 के कांसुलर एक्सेस समझौते के तहत हर साल 1 जनवरी और 1 जुलाई को किया जाता है। इसका उद्देश्य दोनों देशों की जेलों में बंद कैदियों की पहचान सुनिश्चित करना, कांसुलर सहायता उपलब्ध कराना और सजा पूरी कर चुके कैदियों की रिहाई एवं स्वदेश वापसी की प्रक्रिया को तेज करना है।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)