
भारत के खिलाफ टेस्ट में 6 विकेट लेने वाले इस गेंदबाज की अफगानिस्तान वनडे टीम में एंट्री, टीम इंडिया के प्लेयर्स में खौफ?
सपाट पिच और भीषण गर्मी में 6 विकेट लेकर सुर्खियां बटोरने वाले खिलाड़ी मोहम्मद सलीम अब 13 जून से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा लेते नजर आएंगे. कोच रिचर्ड पायबस भी उनके प्रदर्शन से काफी प्रभावित हैं. दोनों टीमों के बीच यह सीरीज धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में खेली जाएगी. भारत के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने अपने गेंदबाजी आक्रमण को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है. टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले युवा तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम को वनडे टीम में मौका दिया गया है.
भारत और अफगानिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित वनडे सीरीज की शुरुआत 13 जून से धर्मशाला में होगी. शुरुआती योजना के तहत सलीम को सिर्फ एकमात्र टेस्ट मैच के लिए टीम में चुना गया था, लेकिन उनके प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन ने उन्हें वनडे टीम में भी शामिल करने का फैसला किया. न्यू चंडीगढ़ में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में अफगानिस्तान को भारत के हाथों पारी और 300 रन से हार का सामना करना पड़ा था. हालांकि इस हार के बीच मोहम्मद सलीम टीम के लिए सबसे बड़ी सकारात्मक बात साबित हुए.
जिस पिच पर तेज गेंदबाजों के लिए ज्यादा मदद नहीं थी और जहां चंडीगढ़ की भीषण गर्मी खिलाड़ियों की कड़ी परीक्षा ले रही थी, वहां सलीम ने अपनी गेंदबाजी से भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया. उन्होंने पूरे मैच में शानदार लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए 140 रन देकर 6 विकेट हासिल किए. सबसे खास बात यह रही कि कठिन परिस्थितियों और उमस भरे मौसम के बावजूद उनके उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी. सलीम ने लगातार लंबे स्पेल डाले और पूरी ऊर्जा के साथ गेंदबाजी की.इस दौरान उनकी गेंदों की रफ्तार लगातार 140 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रही, जिसने भारतीय टीम प्रबंधन का भी ध्यान अपनी ओर खींचा. अब वनडे सीरीज में भी उनसे इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है.

