
बार एसोसिएशन की मांग पर जिला जज ने बढ़ाई प्रश्नोत्तरी जारी करने की समय सीमा
सुलतानपुर में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान न्यायिक कार्यों से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए जिला जज सुनील कुमार ने प्रश्नोत्तरी जारी करने की समय सीमा बढ़ाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। यह फैसला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह और महासचिव दिनेश कुमार दूबे द्वारा भेजे गए पत्र के बाद लिया गया, जिसमें अधिवक्ताओं और वादकारियों की सुविधा के लिए समय सीमा बढ़ाने की मांग की गई थी।
बार एसोसिएशन ने अपने पत्र में उल्लेख किया था कि जून माह में सिविल मामलों की नियमित सुनवाई प्रभावित रहने के कारण संबंधित नकल और प्रश्नोत्तरी प्राप्त करने में वादकारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर संज्ञान लेते हुए जिला जज ने अधिवक्ताओं और आम वादकारियों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए प्रश्नोत्तरी जारी करने की अवधि बढ़ाने का आदेश जारी किया।
बार अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देशानुसार जून माह में सिविल और फौजदारी मामलों की नकल जारी करने की व्यवस्था पहले से लागू है। अब जिला जज ने प्रश्नोत्तरी जारी करने की समय सीमा भी बढ़ाकर 6 जून तक कर दी है। इसके लिए निरीक्षण, तलाश एवं अनुभाग विभाग के प्रभारी अधिकारी को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि निर्धारित अवधि तक आवेदन स्वीकार कर नियमानुसार प्रश्नोत्तरी जारी की जा सके।

