
पाटन में महिला सुरक्षा सखी मिशन को मिला नया नेतृत्व, नीलम कंवर और मंजू मीणा बनीं अध्यक्ष
सीकर जिले के पाटन थाना परिसर में मंगलवार को महिला सुरक्षा सखी जागरूकता मिशन की बैठक आयोजित की गई, जिसमें महिला सुरक्षा अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नई अध्यक्षों की नियुक्ति की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना अधिकारी रमेश कुमार ने की। इस दौरान मिशन से जुड़ी महिला सुरक्षा सखियों और पुलिस अधिकारियों ने महिला सुरक्षा एवं जागरूकता को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में सर्वसम्मति से नीलम कंवर (कोला की नांगल) और मंजू मीणा (नयौराना, थाना पाटन) को महिला सुरक्षा सखी मिशन की नई अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
बैठक में सोशल मीडिया एरिया कोऑर्डिनेटर रवि कुमार शर्मा ने बताया कि पूर्व अध्यक्ष बाला कंवर का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद नई नियुक्ति की प्रक्रिया अपनाई गई। उन्होंने कहा कि नीलम कंवर और मंजू मीणा लंबे समय से महिला सुरक्षा जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। दोनों ने सुरक्षा सखी पखवाड़ा, महिला सहायता शिविर, जागरूकता कार्यक्रमों और बालेश्वर बाबा मेले जैसे आयोजनों में उल्लेखनीय योगदान देकर समाज में महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता को मजबूत करने का कार्य किया है।
थाना अधिकारी रमेश कुमार ने दोनों नव-नियुक्त अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिला सुरक्षा सखी मिशन पुलिस और समाज के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में यह अभियान और अधिक प्रभावी होगा तथा महिलाओं की सुरक्षा, जागरूकता और जरूरतमंदों की सहायता के लिए पुलिस प्रशासन हर स्तर पर पूरा सहयोग देता रहेगा। बैठक के अंत में सभी महिला सुरक्षा सखियों ने नई अध्यक्षों का स्वागत किया और मिशन को अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

