नीमराना में अंतरराज्यीय नकबजन गैंग का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार

नीमराना में अंतरराज्यीय नकबजन गैंग का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार

नीमराना (कोटपूतली-बहरोड़)। थाना नीमराना पुलिस और जिला साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में दिनदहाड़े फ्लैटों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय नकबजन गैंग का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने गैंग के दो सक्रिय सदस्यों के साथ चोरी का माल खरीदने वाले एक सोनी (ज्वेलर) सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नीमराना में हुई चोरियों का सामान, अन्य राज्यों से चोरी किए गए नकदी और आभूषण, साथ ही चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार भी बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश खिंची, वृत्ताधिकारी चारूल गुप्ता और पल्लवी गुप्ता के सुपरविजन में थाना प्रभारी दयाराम और उनकी टीम ने साइबर सेल के सहयोग से की। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

10 जून 2026 को आशियाना आंगन सोसायटी निवासी विकास कुमार और बीबी बिल्डर्स निवासी रामनिवास तिवारी के फ्लैटों में हुई चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। विकास कुमार के अनुसार, वह सुबह ड्यूटी पर गए थे और शाम को लौटने पर फ्लैट का मुख्य दरवाजा टूटा मिला। घर से सोने की अंगूठियां, गले के सेट, चेन, कानों के आभूषण, चांदी के सिक्के, पाजेब, बिछुए सहित करीब 35 हजार रुपये नकद चोरी हो चुके थे। वहीं रामनिवास तिवारी परिवार सहित बाहर गए हुए थे और 26 जून को लौटने पर फ्लैट के दोनों ताले टूटे मिले। उनके घर से मंदिर में रखे चांदी के आभूषण, भगवान की चांदी की बांसुरी, मुकुट, सोने की अंगूठी और करीब 15 हजार रुपये नकद गायब मिले। सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध फ्लैट से सामान ले जाते हुए दिखाई दिए, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया।

जांच के दौरान थाना पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी सर्विलांस, क्राइम पैटर्न एनालिसिस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनका गिरोह पिछले छह से सात वर्षों से सक्रिय है और राजस्थान के नीमराना, अलवर, जयपुर, भिवाड़ी के अलावा हरियाणा, पंजाब और महाराष्ट्र में भी कई चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह पहली बार कानून के शिकंजे में आया है। फिलहाल आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर उनसे अन्य राज्यों में हुई चोरियों, गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के माल की बरामदगी के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)